#WorldHeritageDay का शुभारंभ, पुरातत्व संग्रहालय में ‘कांस्य प्रतिमाओं में शैव परंपरा’ छायाचित्र प्रदर्शनी प्रारंभ
25 नवंबर तक आमजन एवं विद्यार्थियों के अवलोकनार्थ खुली रहेगी सात दिवसीय प्रदर्शनी
विश्व धरोहर सप्ताह-2026 के अंतर्गत गुरुवार को एमएस रोड स्थित अमर शहीद पं. रामप्रसाद बिस्मिल पुरातत्व संग्रहालय, मुरैना में सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया।
मध्यप्रदेश शासन के संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय, भोपाल के निर्देशन में आयोजित इस प्रदर्शनी का विषय ‘कांस्य प्रतिमाओं में शैव परंपरा’ रखा गया है। यह प्रदर्शनी 25 नवंबर 2026 तक आमजन एवं विद्यार्थियों के अवलोकनार्थ खुली रहेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कांस्य प्रतिमाओं के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को भारतीय मूर्तिकला की समृद्ध परंपरा तथा पुरातात्विक विरासत से परिचित कराया। उन्होंने कांस्य प्रतिमाओं की कलात्मक विशेषताओं एवं भारतीय संस्कृति में उनके महत्व की जानकारी दी। इस दौरान सहायक संचालक, जनसंपर्क विभाग सुश्री मोनिका माहोर ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में कवि श्री भक्त प्रहलाद, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री राजेन्द्र सिंह सिकरवार, शासकीय मॉडल हाई स्कूल के प्राचार्य श्री रामभोग शर्मा, समाजसेवी एवं अभ्युदय आश्रम की संचालक श्रीमती अरुणा छारी, जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक श्री अनिल मोदी, वरिष्ठ समाजसेवी एवं कवि श्री महेश मिश्रा तथा पुरातत्व विभाग के श्री रामनिवास दीक्षित सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में श्री रामनिवास दीक्षित ने उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने शहरवासियों एवं विद्यार्थियों से अपील की कि वे 25 नवंबर तक आयोजित इस प्रदर्शनी का अधिक से अधिक संख्या में अवलोकन करें तथा कांस्य प्रतिमाओं के छायाचित्रों के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक विरासत, शैव परंपरा एवं प्राचीन मूर्तिकला के ऐतिहासिक और कलात्मक महत्व को जानें।
#worldheritage #museum #JansamparkMP #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
Morena, Madhya Pradesh | Nov 19, 2026