*अतिवृष्टि-आंधी का बिजली पर बड़ा असर, 500 से अधिक पोल और 45 से ज्यादा ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त*
*48 से 72 घंटे की बारिश में विद्युत व्यवस्था प्रभावित, 33/11 केवी की कई लाइनें भी जमीन पर गिरीं; युद्धस्तर पर बहाली का काम जारी*
बलरामपुर। जनपद में पिछले 48 से 72 घंटों से जारी अतिवृष्टि और तेज आंधी ने विद्युत व्यवस्था को व्यापक रूप से प्रभावित किया है। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक जिले में 500 से अधिक विद्युत पोल गिरने या क्षतिग्रस्त होने के साथ 45 से अधिक ट्रांसफार्मर डबल पोल से नीचे गिर गए हैं। वहीं 4 से 5 स्थानों पर 33/11 केवी की विद्युत लाइनें भी जमीन पर आ गई हैं।
विद्युत व्यवस्था को जल्द बहाल करने के लिए जिला प्रशासन और विद्युत विभाग ने विशेष रणनीति तैयार की है। अतिरिक्त संसाधन और टीमें लगाकर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। संबंधित स्टोर खुलवाकर प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत पोल, तार, ट्रांसफार्मर और अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाई जा रही है, ताकि मौसम अनुकूल होते ही बहाली के काम में देरी न हो।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के मुताबिक कई स्थानों पर मरम्मत कार्य पूरा कर विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। हालांकि लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर विद्युत लाइनों पर काम करना फिलहाल सुरक्षित नहीं है। मौसम में सुधार होते ही मरम्मत कार्य में और तेजी लाई जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद ही प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति दोबारा शुरू की जाएगी।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि गिरे हुए विद्युत पोल, टूटे तार और क्षतिग्रस्त विद्युत उपकरणों को बिल्कुल न छुएं और उनके पास न जाएं। ऐसी किसी भी स्थिति की सूचना तत्काल विद्युत विभाग या जिला प्रशासन को दें।
जिलाधिकारी ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि विद्युत आपूर्ति बहाली के लिए सभी टीमें पूरी तत्परता से कार्य कर रही हैं और मौसम अनुकूल होते ही प्रभावित क्षेत्रों में काम और तेज किया जाएगा।