*पंचायतीराज चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, मतदान केंद्रों का निरीक्षण और गांवों में निकाला फ्लैग मार्च*
*जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव तथा जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने किया बूथों का निरीक्षण, टिब्बी एवं हनुमानगढ़ टाउन पंचायत समिति क्षेत्र के गांवों में फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को दिया भयमुक्त एवं निष्पक्ष मतदान का संदेश*
पंचायतीराज चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के मद्देनजर जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव तथा जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने टिब्बी, तलवाड़ा एवं हनुमानगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न गांवों में मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कुलचन्द्र, पीरकामड़िया, सुरेवाला, मसीतांवाली, मेहरवाला, मुंडा सहित विभिन्न गांवों के मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान श्री अरविंद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़, श्री शंकरलाल छाबा, वृत्ताधिकारी संगरिया, श्री सुरेश मील, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी पुलिस थाना टिब्बी तथा श्री राजपाल सिंह, उप निरीक्षक एवं थानाधिकारी पुलिस थाना तलवाड़ा सहित मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मापदंडों एवं दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने, आदर्श आचार संहिता का प्रभावी क्रियान्वयन करने तथा मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के निर्देश दिए।
*संवेदनशील गांवों में निकाला फ्लैग मार्च*
चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से विभिन्न पंचायत समिति क्षेत्रों में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च भी निकाला गया।
हनुमानगढ़ टाउन पंचायत समिति क्षेत्र के गांव लखूवाली एवं नोरंगदेसर में सीओ सिटी मीनाक्षी एवं सीओ भादरा श्री कुलदीप सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान श्री लखवीर सिंह, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन, श्री जगदीश पांडर, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी पुलिस थाना नोहर, श्री राय सिंह सुथार, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी पुलिस थाना पीलीबंगा, श्री राजीव रॉयल, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी पुलिस थाना सदर तथा श्री नरेंद्र कुमार, उप निरीक्षक एवं थानाधिकारी पुलिस थाना फेफाना सहित विभिन्न पुलिस थानों का पुलिस जाप्ता एवं आरएसी के जवान मौजूद रहे।
इसी क्रम में टिब्बी पंचायत समिति क्षेत्र के गांव कुलचन्द्र एवं सुरेवाला में श्री शंकरलाल छाबा, वृत्ताधिकारी संगरिया के नेतृत्व में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान संबंधित पुलिस थानों का जाप्ता एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
*मतदाताओं को दिया भयमुक्त होकर मतदान का संदेश*
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आमजन को बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग करने का संदेश दिया। साथ ही असामाजिक एवं शरारती तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने, मतदाताओं को डराने-धमकाने, प्रलोभन देने अथवा कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस एवं प्रशासन द्वारा चुनाव के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी, प्रभावी पुलिस गश्त एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि जिले में पंचायतीराज चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न करवाए जा सकें।
*हनुमानगढ़ पुलिस की आमजन से अपील*
हनुमानगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा किसी भी प्रकार के दबाव, डर, प्रलोभन अथवा अफवाहों से प्रभावित न हों। चुनाव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी व्यक्ति द्वारा मतदाताओं को डराने-धमकाने, प्रलोभन देने, मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने, उपद्रव करने अथवा कानून का उल्लंघन करने का प्रयास किए जाने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
सोशल मीडिया पर चुनाव से संबंधित किसी भी अपुष्ट, भ्रामक अथवा भड़काऊ सूचना, अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री को प्रसारित, साझा अथवा प्रचारित न करें। किसी भी सूचना की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे आगे न बढ़ाएं। चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली भ्रामक पोस्ट, अफवाह फैलाने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*आपका एक जागरूक कदम, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव की मजबूत नींव है।*