त्योहारी सीजन में मिलावट पर प्रशासन का प्रहार
पीलीबंगा में 286 लीटर गाय का घी सीज, ‘गौकृष’ ब्रांड का नमूना जांच के लिए लैब भेजा
खाद्य सुरक्षा दल ने #छाबड़ा_एजेंसी पर मारा छापा, रिपोर्ट आने के बाद दर्ज होगा मुकदमा
#RajasthanNews #BreakingNews #Lalbahadurbhakhar #नकली_घी
लालबहादुर भाखर
पीलीबंगा दीपावली के त्योहारी सीजन के मद्देनजर आमजन को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में मिलावटखोरों के खिलाफ सघन अभियान छेड़ दिया है। इसी क्रम में 1 नवंबर को खाद्य सुरक्षा दल ने पीलीबंगा में त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय फर्म छाबड़ा एजेंसी पर औचक छापा मारा।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर भारी मात्रा में मौजूद ‘गौकृष’ ब्रांड के गाय के घी की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। अधिकारियों ने मौके पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एजेंसी से 286 लीटर घी का पूरा स्टॉक तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया।
विभागीय टीम ने मौके से नियमानुसार घी का विधिक नमूना (सैंपल) संग्रहित कर सीलबंद किया और अग्रिम रासायनिक विश्लेषण के लिए अधिकृत राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भिजवा दिया है।
प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
कार्रवाई कर रहे खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दो टूक कहा कि आमजन की सेहत के साथ किसी भी सूरत में खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के प्रावधानों के तहत संबंधित फर्म के खिलाफ नियमानुसार कड़ी विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। त्योहारी सीजन के चलते जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों, मिष्ठान भंडारों व डेयरियों पर जांच का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।