कुराबड़ में ईड़ाना माता किसान उत्पादक कंपनी की साधारण सभा आयोजित
किसानों की आय बढ़ाने और पशुपालन को बढ़ावा देने पर हुई चर्चा
कुराबड़। ईड़ाना माता किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड, कुराबड़ की साधारण सभा सोमवार को आयोजित हुई। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन के साथ हुई। अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। सभा में कंपनी की अब तक की गतिविधियों, किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा आजीविका के नए साधन विकसित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम में भींडर के पूर्व विधायक रणधीर सिंह, पशु चिकित्सा महाविद्यालय चित्तौड़ के डा. आर.के. नागदा, पशु चिकित्सा महाविद्यालय नवानिया के राजेंद्र नागदा, स्वयंसेवी संस्था से जुड़े पारस नागौरी, कुराबड़ सरपंच मांगी बाई मीणा, नाबार्ड परियोजना से नीरज यादव, वाटर संस्था से नेपाल सिंह देवड़ा, कंपनी के संचालक मंडल के सदस्य, प्रवर्तक एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने किसानों को कंपनी के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। वाटर संस्था के नेपाल सिंह देवड़ा ने कंपनी के गठन से लेकर अब तक किए गए कार्यों एवं किसानों की भूमिका की जानकारी साझा की।
राजेंद्र नागदा ने बकरी पालन को किसानों की आय बढ़ाने का बेहतर माध्यम बताते हुए प्रशिक्षण एवं भ्रमण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी से जुड़े किसानों को 25 बकरियों पर एक बकरा निःशुल्क उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।
कंपनी की प्रवर्तक कुमकुम सारंगदेवोत ने कंपनी की प्रगति, अब तक किए गए कार्यों एवं आगामी कार्ययोजना का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। संचालक मंडल के सदस्य हरि सिंह एवं उदय सिंह ने कंपनी से जुड़ने, अभिलेख संधारण और बकरी पालन जैसी गतिविधियों की जानकारी दी। उदय सिंह ने सदस्यों को 50 प्रतिशत छूट पर बकरी उपलब्ध कराने की योजना की जानकारी दी।
सभा में कंपनी के लेखाकार संबंधी कार्यों के लिए वर्तमान चार्टर्ड लेखाकार के स्थान पर अंकित नागदा को नया चार्टर्ड लेखाकार नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रभाशंकर ने किया तथा आभार उदय सिंह ने व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।