अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियां जारी
एसडीएम एवं एसडीओपी ने किशनपुरी स्थित विसर्जन स्थल का किया निरीक्षण
अनास नदी किनारे बनाया जा रहा विशेष पोखर, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित विसर्जन के लिए दिए आवश्यक निर्देश
आगामी 25 सितम्बर को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं नगर पालिका द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी किशनपुरी में अनास नदी के किनारे गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए विशेष पोखर का निर्माण नगर पालिका द्वारा कराया जा रहा है।
मंगलवार को एसडीएम झाबुआ श्री महेश कुमार मंडलोई एवं एसडीओपी श्री कमलेश शर्मा ने किशनपुरी स्थित विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मिलन पटेल ने पोखर निर्माण सहित विसर्जन स्थल पर की जा रही अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री मंडलोई ने निर्माणाधीन पोखर की गहराई लगभग 20 फीट रखने के निर्देश दिए, जिससे बड़ी गणेश प्रतिमाओं का भी सुगमतापूर्वक विसर्जन किया जा सके। उन्होंने विसर्जन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन व्यवस्थित तरीके से एवं धार्मिक भावनाओं का पूर्ण सम्मान रखते हुए किया जाए।
एसडीओपी श्री शर्मा ने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक बैरिकेडिंग किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। विशेष रूप से पुराने पुल की ओर आमजन का आवागमन रोकने के लिए पर्याप्त एवं मजबूत बैरिकेडिंग की जाए, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने विसर्जन स्थल एवं आसपास के क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षित आवागमन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने को कहा गया।
प्रशासन द्वारा अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं धार्मिक भावनाओं का ध्यान रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner #Jhabua #JansamparkMP