डीएम ने तरैया, पानापुर, अमनौर एवं मकेर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण,
राहत एवं बचाव कार्यों में दिए तत्परता के निर्देश
छपरा 4 अक्टूबर 2026
सारण जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री रौशन कुमार द्वारा तरैया, पानापुर, अमनौर एवं मकेर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर जमीनी स्तर पर संचालित राहत कार्यों एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए पर्याप्त मात्रा में सूखा राशन, सामुदायिक रसोई, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य शिविर, तिरपाल तथा पशु चारा की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ की आपदा की स्थिति में प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी प्रभावित लोगों को समय पर सुरक्षित स्थान, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, तिरपाल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराना है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लें तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराएं। सामुदायिक रसोई का संचालन प्रभावित परिवारों की संख्या के अनुरूप सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य शिविरों को सक्रिय रखने, पेयजल एवं शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी की जाए तथा किसी भी प्रकार की आवश्यकता अथवा समस्या की सूचना प्राप्त होते ही उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता एवं प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने की कार्रवाई लगातार जारी है।
Saharsa, Bihar | Oct 4, 2026