समय पर सरकारी उपचार बना वरदान, मायूस परिवार के चेहरे पर फिर से लौटी मुस्कान,
राजकीय जिला चिकित्सालय में हिरम का सुरक्षित हुआ जटिल प्रसव, विशेषज्ञ टीम ने करवाया सिजेरियन
निःशुल्क सिजेरियन से मां और नन्ही परी दोनों सुरक्षित, परिवार ने जताया आभार
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल ,20 जुलाई महात्मा गांधी राजकीय जिला चिकित्सालय में भीलवाड़ा निवासी हिरम रंगरेज पत्नी वसीम को जिला चिकित्सालय में निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण सिजेरियन प्रसव सुविधा का लाभ मिला। समय पर चिकित्सकीय हस्तक्षेप से जटिल प्रसव को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया और हिरम ने एक स्वस्थ कन्या को जन्म दिया। वर्तमान में मां और नवजात दोनों पूर्णतः स्वस्थ हैं।
अधीक्षक, महात्मा गांधी राजकीय जिला चिकित्सालय डाॅ. अरूण गौड़ ने बताया कि हिरम की प्रसव तिथि निकल चुकी थी तथा बच्चेदानी का मुंह नहीं खुलने के कारण स्थिति जटिल हो गई थी। जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आवश्यक जांचें कर तत्काल सिजेरियन ऑपरेशन का निर्णय लिया। अनुभवी चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की टीम ने हिरम का सफल ऑपरेशन कर सुरक्षित प्रसव कराया।
डिलीवरी को लेकर हिरम और उसके परिजन काफी चिंतित थे। उन्हें आशंका थी कि जटिल स्थिति में उपचार कहां मिलेगा। ऐसे समय में जिला चिकित्सालय के अस्पताल प्रशासन, चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने न केवल उचित परामर्श दिया, बल्कि आत्मीय व्यवहार और गुणवत्तापूर्ण उपचार से उनका विश्वास भी मजबूत किया। परिणामस्वरूप सुरक्षित वातावरण में सफल सिजेरियन ऑपरेशन संपन्न हुआ।
स्वस्थ मां और नवजात को अस्पताल से छुट्टी मिलने पर परिवार के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। हिरम और उसके परिजनों ने जिला चिकित्सालय की उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं स्टाफ के समर्पण की सराहना करते हुए अस्पताल प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा राजकीय चिकित्सालयों में उपलब्ध कराई जा रही निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं जरूरतमंद और गरीब परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के प्रति भी धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।