पूर्वी चंपारण पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
पाकिस्तान के संपर्क में रहकर साइबर ठगी की बना रहे थे योजना
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नगर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पाकिस्तान के संपर्क में रहने और साइबर ठगी की योजना बनाने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और पांच एटीएम कार्ड भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक पूर्वी चंपारण मोतिहारी स्वर्ण प्रभात के कार्यालय से 7 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नगर थाना पुलिस को 6 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बेलिसराय स्थित एक किराये के मकान में रह रहे हैं। दोनों कथित रूप से पाकिस्तान के संपर्क में हैं और आसपास के मोबाइल उपयोगकर्ताओं के साथ ठगी एवं धोखाधड़ी करने की योजना बना रहे हैं।
सूचना के सत्यापन एवं अग्रिम कार्रवाई के लिए सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में पंकज गुप्ता, पिता- मदन साह, निवासी- सेमुआपुर, थाना- डुमरियाघाट, जिला- पूर्वी चंपारण और राजू कुमार कुशवाहा उर्फ राजू कुमार भगत, पिता- संजय कुशवाहा, निवासी- श्यामपुर बरवा, थाना- संग्रामपुर, जिला- पूर्वी चंपारण शामिल है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। मोबाइल फोन की जांच के दौरान पाकिस्तान के लोगों से संपर्क और अवैध लेन-देन से संबंधित मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी में दो मोबाइल फोन और पांच एटीएम कार्ड शामिल हैं। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस की विशेष टीम शामिल रही।
पूर्वी चंपारण पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी के नेटवर्क पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Bihar, India | Nov 7, 2026