उत्तर प्रदेश में SIR को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम कटने के दावे पर अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल खड़े कर दिए हैं। अखिलेश ने सीधे चुनाव आयोग की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि जब मतदाता सूची के फॉर्म में धर्म का कोई कॉलम ही नहीं है, तो फिर मुख्यमंत्री को कैसे पता चला कि इतने हिंदू मतदाताओं के नाम कटे हैं?
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने SIR प्रक्रिया का जिक्र करते हुए दावा किया था कि उत्तर प्रदेश में करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं, जबकि मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 1.65 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
मुख्यमंत्री के इसी बयान पर अखिलेश यादव ने पलटवार किया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह आंकड़ा किस आधार पर सामने आया और चुनाव आयोग ने धर्म के आधार पर मतदाताओं का आंकड़ा कैसे उपलब्ध कराया?
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अगर विपक्षी दल यह दावा करने लगें कि उनके 90 प्रतिशत PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम कट गए हैं, तो ऐसे दावों का आधार क्या होगा?
इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग का दरवाजा भी खटखटाया है। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री के बयान पर स्वतः संज्ञान लेने की मांग की है। साथ ही चुनाव आयोग से पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने की अपील की गई है।
अब इस पूरे मामले ने एक बार फिर SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची में नामों के हटने को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है।
सवाल यही है कि मतदाता सूची में नाम कटने के आंकड़ों को लेकर उठ रहे इन सवालों पर चुनाव आयोग क्या जवाब देता है और क्या इस मामले में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आता है?
#SIRControversy #AkhileshYadav #YogiAdityanath #UPPolitics #VoterList #ElectionCommission #SamajwadiParty #PDAPolitics #BJPvsSP #UttarPradeshNews