सीईओ श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश...
गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन और जाँच सुनिश्चित करें.
पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने में लापरवाही पर होगी कार्रवाई.
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं के पंजीयन तथा नियमित जाँच की स्थिति संतोषजनक नहीं है। गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन कराएं। इनकी गर्भावस्था में चार जाँचे सुनिश्चित करें। जाँच के दौरान एनिमिक तथा उच्च रक्तचाप वाली महिलाओं का चिन्हांकन करके उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करके उपचार करें। हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान दें। हर माह के 9 और 25 तारीख को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों में आयोजित शिविरों में गर्भवती महिलाओं की अनिवार्य रूप से जाँच कराएं। गर्भवती महिलाओं के पंजीयन तथा उन्हें उपचार प्रबंधन की जानकारी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करें। पोर्टल में जानकारी दर्ज करने में लापरवाही करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा डीपीएम ब्लॉक स्तर पर बैठक करके स्वास्थ्य सूचकांकों का विश्लेषण करें। इन्हें बेहतर करने के निरतंर प्रयास करें। शिशु मृत्यु तथा मातृ मृत्यु की प्रत्येक घटना का निर्धारित मेडिकल प्रोटोकाल के अनुसार परीक्षण कराकर प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करें। प्रतिवेदन में दोषी पाए जाने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई भी सुनिश्चित करें। बैठक में पोषण पुनर्वास केन्द्र में शिशुओं की भर्ती, कुपोषित बच्चों के उपचार तथा पोषण स्तर बढ़ाने के प्रयास, शिशुओं तथा गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण, दस्तक अभियान, मच्छर जनित रोगों तथा संचारी रोगों से बचाव के उपाय एवं क्षय मुक्त भारत अभियान की समीक्षा की गई। बैठक में डीपीएम ज्ञानेन्द्र मिश्रा ने विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में बीएमओ, बीपीएम तथा विभिन्न योजनाओं के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Directorate of Health Services, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh
#Rewa #रीवा
Rewa, Madhya Pradesh | Oct 2, 2026