राष्ट्रीय लोक अदालत में 1,460 लंबित चालानों का निपटारा, ₹23.38 लाख की राशि का हुआ निष्पादन*
कटिहार,12 सितंबर 2026 शनिवार।
*परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के समन्वित प्रयास से वाहन चालकों को मिला लंबित ई-चालानों के निपटारे का अवसर*
राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर कटिहार जिले में लंबित परिवहन एवं यातायात संबंधी ई-चालानों के त्वरित निपटारे के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
इस दौरान जिला परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस विभाग के बीच प्रभावी समन्वय के माध्यम से कुल 1,460 लंबित चालानों का निष्पादन किया गया। इन चालानों से संबंधित कुल ₹23,38,700 की राशि का निपटारा हुआ।
लोक अदालत में परिवहन विभाग से संबंधित 118 चालानों का निष्पादन किया गया, जिनकी कुल राशि ₹7,77,100 रही। वहीं यातायात पुलिस विभाग से संबंधित 1,342 चालानों का निपटारा किया गया, जिनकी कुल राशि ₹15,61,600 रही।
राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य लंबित मामलों का त्वरित, सरल एवं आपसी सहमति के आधार पर समाधान उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में परिवहन एवं यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े लंबित ई-चालानों के निपटारे के लिए वाहन चालकों को लोक अदालत के माध्यम से विशेष अवसर प्रदान किया गया।
कटिहार में आयोजित इस पहल के दौरान परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मियों ने आपसी समन्वय के साथ लंबित चालानों के निपटारे की प्रक्रिया को सुगम बनाया। इससे एक ओर लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आई, वहीं दूसरी ओर वाहन चालकों को भी अपने पुराने चालानों के निपटारे का आसान माध्यम मिला।
जिला परिवहन विभाग की ओर से वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी,
कटिहार।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Transport Department, Government of Bihar #katihar
3 views | Katihar, Bihar | Sep 12, 2026