अपर संचालक श्री बलवंत वर्मा ने विद्यालयों का किया आकस्मिक निरीक्षण,
शैक्षणिक गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
नीमच, 7 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल के अपर संचालक श्री बलवंत वर्मा ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय प्राथमिक विद्यालय खड़ावदा, शासकीय माध्यमिक विद्यालय पिपलिया हाड़ी, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रेवली-देवली, सांदीपनि विद्यालय तथा छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्री वर्मा कक्षाओं में पहुंचे और विद्यार्थियों से बातचीत कर उनका शैक्षणिक स्तर परखा। उन्होंने बच्चों से विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे और शिक्षकों द्वारा कराई जा रही पढ़ाई का अवलोकन किया। साथ ही विद्यालयों में साफ-सफाई, विद्यार्थियों की उपस्थिति, कक्षाओं की व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों की नियमित पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और प्रत्येक विद्यार्थी के सीखने के स्तर में सुधार के लिए लगातार प्रयास करें। उन्होंने गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को सहज और रुचिकर तरीके से पढ़ाने के निर्देश दिए।
अपर संचालक ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार के संबंध में संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए और शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मूंदड़ा,विभागीय अधिकारी,प्राचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh
#MukhymantriJanVishwasAbhiyan
#Neemuch
#नीमच