समाहरणालय, अरवल
(जिला जनसंपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति
अरवल, दिनांक 11 नवंबर, 2026
छठ महापर्व को लेकर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया अरवल नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
अहियापुर, जनकपुर धाम सहित विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृषा बैंस एवं पुलिस अधीक्षक, अरवल श्री किरण कुमार गोरख जाधव द्वारा संयुक्त रूप से नगर परिषद, अरवल क्षेत्र अंतर्गत अहियापुर, जनकपुर धाम सहित विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने छठ घाटों पर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, संपर्क मार्गों की स्थिति, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया।
नगर परिषद, अरवल द्वारा क्षेत्र अंतर्गत कुल 10 छठ घाटों पर विशेष साफ-सफाई के साथ-साथ चेंजिंग रूम, समुचित प्रकाश व्यवस्था, प्रशासनिक मंच, बैरिकेडिंग, वेलकम गेट, साउंड सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है, ताकि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित आवागमन एवं अन्य आवश्यक तैयारियाँ ससमय पूर्ण कर ली जाएँ। विशेष रूप से घाटों तक पहुँचने वाले संपर्क मार्गों को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने, घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने छठ महापर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रमुख छठ घाटों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, प्रभावी भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जाएँ।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से निर्देश दिया कि छठ घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही घाटों पर प्रवेश एवं निकास मार्गों की समुचित व्यवस्था, मजबूत बैरिकेडिंग तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सभी 10 छठ घाटों पर निर्धारित सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा तैयारियों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, स्वच्छ एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री बालेश्वर प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी श्री संजीव कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद अरवल श्री मोनू कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती सुषमा कुमारी, अंचलाधिकारी श्रीमती सोनम राज एवं सदर थानाध्यक्ष श्री राज किशोर सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन, अरवल
छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण छठ महापर्व के आयोजन हेतु प्रतिबद्ध।
Arwal, Bihar | Nov 11, 2026