पुरानी रंजिश के चलते गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस की कार्रवाई
2 आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयोग की गई 1 बलेनो कार बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 27 सितंबर । 20 सितंबर को शिकायतकर्ता हिमांशु ने अपनी शिकायत में बताया कि 18 सितंबर को वह अपने दोस्त गौरव व अन्य दोस्तों के साथ सेक्टर-38 मार्केट, गुरुग्राम में मौजूद था। इसी दौरान सुदेश उर्फ सूरज व राहुल अपनी बलेनो गाड़ी लेकर वहां आए तथा शिकायतकर्ता व उसके दोस्तों को टक्कर मारकर जान से मारने का प्रयास किया व फोन पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सदर, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई करते हुए 26 सितंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुदेश उर्फ सूरज निवासी गांव ढाणी शोभा, जिला रेवाड़ी, हरियाणा तथा राहुल निवासी गांव मऊ, पटौदी, जिला गुरुग्राम, हरियाणा के रूप में हुई है। आरोपी सुदेश उर्फ सूरज को गांव ढाणी शोभा, जिला रेवाड़ी, हरियाणा से तथा आरोपी राहुल को सेक्टर-37, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुदेश उर्फ सूरज की शिकायतकर्ता के दोस्त व साले के साथ पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने राहुल की बलेनो गाड़ी का प्रयोग करके शिकायतकर्ता व उसके साथियों को जान से मारने की नीयत से गाड़ी से टक्कर मारने का प्रयास किया।
पुलिस द्वारा आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयोग की गई 1 बलेनो कार बरामद की गई है।
दोनों आरोपियों को दिनांक 27 सितंबर को माननीय न्यायालय में पेश करके 1 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। मामले में आरोपियों से पूछताछ एवं आगामी कार्रवाई की जा रही है।
अभियोग का अनुसंधान जारी है।