🚨देहरादून में धौरण रोड से सहस्त्रधारा रोड तक अवैध निर्माण सील
स्वीकृत नक्शे से छेड़छाड़ कर बनाया जा रहा था भवन, बिना अनुमति बन रही 7 दुकानों पर भी कार्रवाई
मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने धौरण रोड स्थित आईटी पार्क क्षेत्र और सहस्त्रधारा रोड पर नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे निर्माण कार्यों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्वीकृत मानचित्रों के विपरीत भवन निर्माण और बिना नक्शा पास कराए दुकानों का निर्माण किए जाने के मामले सामने आए।
धौरण रोड पर छह स्वीकृत नक्शों को जोड़कर बनाया जा रहा था भवन
MDDA की टीम ने धौरण रोड स्थित आईटी पार्क के दून डिवाइन परिसर में मैसर्स युग रियल एलएलपी (देवेश वरयानी) के निर्माण पर कार्रवाई की। प्राधिकरण के मुताबिक, यहां छह अलग-अलग स्वीकृत मानचित्रों के अनुरूप प्रस्तावित निर्माणों को आपस में जोड़कर एक भवन के रूप में विकसित किया जा रहा था। आरोप है कि स्वीकृत नक्शों से हटकर फ्लैट बनाने के उद्देश्य से निर्माण किया जा रहा था। मामले में नियमानुसार वाद दायर करने के बाद प्राधिकरण ने निर्माण को सील कर दिया।
सहस्त्रधारा रोड पर बिना नक्शे के बन रही थीं दुकानें
प्राधिकरण की दूसरी कार्रवाई मंदाकिनी विहार में हुई, जहां शुभ्रा राय द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के तीन दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। इस मामले में संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कई अवसर दिए गए, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निर्माण को सील कर दिया गया।
वहीं, सहस्त्रधारा रोड पर नॉर्थ साइड सिटी पार्क के समीप साहनी द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के चार दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। MDDA ने इस मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्माण को सील कर दिया।
नियम तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी छूट: बंशीधर तिवारी
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों का सुनियोजित विकास प्राधिकरण की प्राथमिकता है। भवन निर्माण के लिए स्वीकृत मानचित्र और निर्धारित भवन उपविधियों का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति निर्माण करने या स्वीकृत नक्शे में मनमाने बदलाव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
निगरानी के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई: मोहन सिंह बर्निया
MDDA सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों पर लगातार नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पक्ष को नियमानुसार अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाता है। इसके बाद वैधानिक प्रक्रिया के तहत सीलिंग समेत अन्य कार्रवाई की जाती है।
प्राधिकरण ने आमजन और निर्माणकर्ताओं से अपील की है कि किसी भी भवन, दुकान या व्यावसायिक परिसर का निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र स्वीकृत अवश्य कराएं। MDDA ने साफ किया है कि शहर के नियोजित विकास से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
#MDDA #DehradunNews #IllegalConstruction #MDDAAction #UttarakhandNews #newsmafiya