🚨रन फॉर यूनिटी में CM धामी की बड़ी घोषणाएं, PRD जवानों का बढ़ेगा मानदेय; हर ग्राम पंचायत में बनेगा खेल क्लब
देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और युवाओं को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं और खिलाड़ियों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने PRD जवानों का मानदेय बढ़ाने, प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब बनाने और देहरादून के आमवाला में मिनी स्टेडियम व अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की घोषणा की।
इसके अलावा मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने और मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने का ऐलान किया। विभिन्न स्तरों पर विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में भी बढ़ोतरी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही विकसित भारत और नशामुक्त उत्तराखंड का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने युवाओं से खेल, योग और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
वहीं, मुख्यमंत्री ने जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।