मुरैना पुलिस के 5 अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई, एसपी धर्मराज मीना ने किया सम्मानित
मुरैना। पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना (भापुसे) के निर्देशन में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए पांच पुलिस अधिकारियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर ने की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर उनकी वर्षों की उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। उन्होंने सभी अधिकारियों के स्वस्थ, सुखमय एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए उनके परिवार, बच्चों की शिक्षा एवं भविष्य के संबंध में भी जानकारी ली और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों में सउनि. रामेश्वर दयाल, कासउनि. रणवीर सिंह, कासउनि. रामप्रकाश शर्मा, काप्रआर. (चालक) 140 सिकंदर बेग तथा काप्रआर. 650 गीता पाठक शामिल रहे। सभी अधिकारियों ने पुलिस विभाग में अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए और सहकर्मियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर, रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला, पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टाफ तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे। भावनात्मक माहौल में सभी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी।
#मुरैना #Morena #police #मंगलवार #NewsUpdate