हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन सैनी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा अवश्य होती है। आवश्यकता केवल उस प्रतिभा को पहचानने, उसे सही दिशा देने और आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर उपलब्ध करवाने की है।
श्रीमती सुमन सैनी आज ताउ देवी लाल खेल स्टेडियम सेक्टर-3 में हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण एवं बाल दिवस समारोह में मुख्यातिथि के रूप में संबोधित कर रही थी।
इस मौके पर उन्होंने बाल कल्याण परिषद द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के 381 विजेता बच्चों को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि बाल दिवस केवल बच्चों के प्रति स्नेह व्यक्त करने का अवसर नहीं है बल्कि यह उनके अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और उज्जवल भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को दोहराने का भी दिन है। बच्चे किसी भी राष्ट्र की सबसे अमूल्य धरोहर होते हैं। उनकी मुस्कान में समाज की खुशहाली और उनकी प्रतिभा में राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाई देती है।
उपस्थित बच्चों को संबोधित करते हुए श्रीमती सुमन सैनी ने कहा कि वे बच्चों के उत्साह, आत्मविश्वास और प्रतिभा को देखकर बहुत खुश है। आप में से कोई चित्रकला में निपुण है, कोई संगीत में, कोई नृत्य में, कोई खेलों में और कोई अपनी रचनात्मक सोच से नई पहचान बना रहा है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे जीवन में बड़े सपने देंखे, उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करें और कभी भी असफलता से न घबराए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में पुरस्कार जीतना महत्वपूर्ण है लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में भाग लेना, कुछ नया सीखना और अपने आत्मविश्वास को मजबूत करना है।
श्रीमती सुमन सैनी ने कहा कि हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद वर्ष 1971 से प्रदेश में बच्चों के कल्याण, संरक्षण और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। परिषद का उद्देश्य केवल बच्चों को सुविधाएं उपलब्ध करवाना नहीं बल्कि उन्हें ऐसा सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करना है, जिसमें वे अपनी क्षमताओं को पहचान सके और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। आज परिषद द्वारा प्रदेशभर में 23 बाल भवन तथा 24 मिनी बाल भवन संचालित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से बच्चों के ज्ञानवर्धन, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia