एनालॉग पनीर के विरुद्ध सघन जांच अभियान
भोपाल। एनालॉग पनीर के संबंध में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में सघन जांच एवं निगरानी कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा Avenue E-Commerce Limited के D-Mart Ready, डेटा कॉलोनी, भोपाल स्थित प्रतिष्ठान पर भी जांच कार्रवाई की गई तथा पनीर एवं अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच के लिए आवश्यक नमूने लिए गए।
विभाग द्वारा एनालॉग पनीर की बिक्री एवं आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखते हुए प्रतिष्ठानों में उपलब्ध पनीर की लेबलिंग, पैकेजिंग, निर्माण एवं विक्रय संबंधी दस्तावेज तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप गुणवत्ता की जांच की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें हाई अलर्ट पर हैं। अभियान के अंतर्गत विभिन्न ई-कॉमर्स एवं संगठित रिटेल प्लेटफॉर्म, जिनमें Blinkit, D-Mart, Flipkart, Reliance Mall सहित अन्य संबंधित प्रतिष्ठान एवं प्लेटफॉर्म शामिल हैं, पर भी जांच एवं निगरानी कार्रवाई की जा रही है।
विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को वास्तविक एवं मानकयुक्त पनीर उपलब्ध कराना तथा पनीर के स्थान पर एनालॉग पनीर अथवा अन्य वैकल्पिक उत्पाद की भ्रामक बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है।
जांच के दौरान लिए गए नमूनों को नियमानुसार प्रयोगशाला परीक्षण हेतु भेजा जाएगा। परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं संबंधित नियमों/विनियमों के अंतर्गत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि पनीर खरीदते समय पैकेज पर अंकित उत्पाद का नाम, सामग्री, निर्माण/पैकिंग विवरण एवं अन्य आवश्यक जानकारी अवश्य देखें तथा संदिग्ध खाद्य पदार्थ की जानकारी विभाग को उपलब्ध कराएं।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#bhopal
32 views | Bhopal, Madhya Pradesh | Aug 13, 2026