हल्द्वानी में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला, छात्र नेता समेत चार आरोपी गिरफ्तार।नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित मुखानी क्षेत्र के एक होटल में नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी धीरज बिष्ट समेत चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एमबीपीजी कॉलेज से एबीवीपी (ABVP) के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे धीरज बिष्ट के अलावा नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी शामिल हैं। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मंजुनाथ टी.सी. ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। होटल के सीसीटीवी फुटेज और प्रारंभिक जांच में घटना की पुष्टि हुई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।