विद्यार्थी सहयोग शिविर के माध्यम से छात्र-छात्राओं की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी, जिला पदाधिकारी ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उपस्थित प्रशिक्षणार्थी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर के आयोजन का मुख्य उद्देश्य शासन और युवा पीढ़ी के बीच संवेदनशील, पारदर्शी एवं सीधा संवाद स्थापित करना तथा विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय कौशल विकास, नवाचार एवं तकनीकी दक्षता का है। आज केवल पारंपरिक शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उद्योग जगत एवं राष्ट्र निर्माण के लिए व्यावहारिक ज्ञान और तकनीकी हुनर से युक्त युवाओं की आवश्यकता है। आईटीआई का प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार योग्य बनाने के साथ आत्मनिर्भर बनने का मजबूत आधार प्रदान करता है। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि संसाधनों के अभाव अथवा प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जटिलता के कारण कोई भी मेधावी विद्यार्थी अपने लक्ष्य से वंचित न रहे।
जिला पदाधिकारी ने राज्य सरकार द्वारा युवाओं के शैक्षणिक, आर्थिक एवं व्यावसायिक सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सात निश्चय योजना के अंतर्गत बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को उच्च शिक्षा, आर्थिक सहायता तथा कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत युवा अपना उद्योग एवं स्वरोजगार स्थापित कर रोजगार मांगने वाले के बजाय रोजगार देने वाले बन सकते हैं।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (DRCC) एवं जिला नियोजनालय के माध्यम से उपलब्ध करियर मार्गदर्शन, कौशल प्रमाणन एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी भी दी।
जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे शिविर में उपस्थित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के समक्ष अपनी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याएं रखें तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करें।
उन्होंने संस्थान के प्राचार्य एवं शिक्षकों से प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की अपेक्षा की। साथ ही सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि युवाओं के कौशल एवं क्षमता का विकास ही बांका जिले और बिहार राज्य की वास्तविक प्रगति का आधार है।
कार्यक्रम के अंत में जिला पदाधिकारी ने नशामुक्ति अभियान के तहत सभी छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज के विकास में बाधक है। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहकर दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सभी को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।
इस कार्यक्रम में उपविकास आयुक्त बांका,निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, जिला शिक्षा पदाधिकारी बांका और अधीक्षक उत्पाद निबंधन विभाग बांका आदि अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
Banka, Bihar | Nov 24, 2026