#सीए_ने_बहुत_बड़ा_खेला_किया..
भरतपुर। राजधानी जयपुर में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट द्वारा धोखाधड़ी कर 23.95 अरब रुपए विदेश भेजने के मामले के तार अब भरतपुर से भी जुड़ गए हैं। आरोप है कि चार्टर्ड अकाउंटेंट अभिषेक जैन ने फर्जी दस्तावेजों की मदद से इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के गलत प्रमाण जारी कर धांधली की। आयकर विभाग की जांच में सामने आया है कि जैन ने रिटर्न नहीं भरने वालों के नाम का इस्तेमाल कर करोड़ों रुपए विदेश भेजे। इनमें भरतपुर के रिंकू के नाम से 8.78 करोड़ रुपए विदेश ट्रांसफर किए जाने की बात सामने आई है। अब आयकर विभाग की ओर से पत्रकार कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। पत्रकार कॉलोनी थानाधिकारी कविता शर्मा ने बताया, आयकर विभाग के फॉरेन एसेट्स इन्वेस्टिगेशन यूनिट, जयपुर के डिप्टी डायरेक्टर (अन्वेषण) मिंटू लाल मीणा ने जयपुर के पत्रकार कॉलोनी निवासी सीए अभिषेक जैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। प्राथमिकी के अनुसार, सीए अभिषेक जैन की ओर से फॉर्म- 15 सीबी (विदेश में ट्रांजेक्शन के लिए टैक्स सर्टिफिकेट) के फर्जी प्रमाण पत्र से 40 बोगस फर्म, संस्थाओं और ट्रस्ट के नाम पर तीन साल में करीब 23.95 अरब रुपए विदेश भेजे गए। रिपोर्ट में बताया गया है कि आयकर विभाग की ओर से 18 अगस्त को देश में अलग-अलग ठिकानों पर सर्च की कार्रवाई की गई थी। जयपुर में सीए अभिषेक जैन के ठिकाने पर सर्च की कार्रवाई के दौरान मिले दस्तावेजों से यह धांधली सामने आई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि आयकर विभाग की फॉरेन इन्वेस्टिगेशन विंग की ओर से जयपुर में सीए अभिषेक जैन के ठिकाने पर भी सर्वे की कार्रवाई की गई थी। यह सर्वे 22 अगस्त को पूरा हुआ। जांच में मिले दस्तावेजों की पड़ताल में यह गड़बड़ी सामने आई है। दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि साल 2021 से 2024 के बीच तीन साल में 40 बोगस फर्म, संस्थाओं और ट्रस्ट के नाम 15 सीबी के 3,168 प्रमाण पत्र जारी किए गए और इनके जरिए 23.95 अरब रुपए विदेश भेजे गए। इसमें भरतपुर के रिंकू के नाम से भी 8.78 करोड़ रुपए की रकम विदेश भेजी गई है।