#हाल_ए_लोहागढ़_स्टेडियम..
भरतपुर। शहर के प्रमुख खेल परिसर लोहागढ़ स्टेडियम की बदहाल स्थिति इन दिनों खिलाड़ियों, सेना एवं अग्निवीर भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं और आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। करीब 20-25 दिन पहले हुई बारिश के बाद स्टेडियम परिसर और यहां आने-जाने वाले रास्तों में भरा पानी अब तक पूरी तरह नहीं निकल पाया है। कई हिस्सों में पानी जमा होने के साथ गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि स्टेडियम में होने वाली रनिंग, वॉक, योग और विभिन्न खेलों की गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। रोजाना सैकड़ों लोग यहां पहुंचते हैं लेकिन जलभराव और गंदे पानी के कारण बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम तक पहुंच ही नहीं पा रहे हैं। स्टेडियम में नियमित रूप से वॉक और रनिंग करने वाले राहुल मदेरणा ने इस समस्या को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि यह किसी एक व्यक्ति या एक खेल से जुड़ी परेशानी नहीं है बल्कि स्टेडियम से जुड़े हर वर्ग को इसका सामना करना पड़ रहा है।