1500 नहीं, 28 लाख बहनों को चाहिए 72 हजार रुपये! जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार को घेरा, महिला मोर्चा ने दी प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी |
Kangra Express
धर्मशाला : हिमाचल की 28 लाख बहनों को 72 हजार रुपये कब मिलेंगे? धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ महिला आक्रोश प्रदर्शन किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर जमकर निशाना साधा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने 2022 में सत्ता में आने से पहले हर महिला को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी, लेकिन चार साल बीत जाने के बावजूद प्रदेश की लाखों महिलाएं अपने हक का इंतजार कर रही हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब वादा प्रदेश की सभी महिलाओं से किया गया था तो अब शर्तें लगाकर चुनिंदा महिलाओं को ही योजना का लाभ क्यों दिया जा रहा है? जयराम ठाकुर ने कहा कि 1500 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से चार साल के 72 हजार रुपये बनते हैं और यह महिलाओं का अधिकार है, कोई एहसान नहीं।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को उनका पूरा हक नहीं मिलता, भाजपा महिला मोर्चा का संघर्ष जारी रहेगा और इस आंदोलन को हिमाचल के हर घर तक पहुंचाया जाएगा।
Kangra, Kangra | Nov 19, 2026