शिवडोला में गूंजेगा ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’
________________
पंजाब के गतका दल और दिल्ली के भांगड़ा-गिद्दा दल देंगे शानदार प्रस्तुति
________________
संस्कृति विभाग की पंजाबी साहित्य अकादमी के आयोजन में वीरता और पंजाबी संस्कृति का दिखेगा संगम
________________
खरगोन 25 अगस्त 2026। अधिष्ठाता भगवान श्री सिद्धनाथ महादेवजी के भादौ बदी दूज के अवसर पर रविवार, 30 अगस्त को आयोजित होने वाले भव्य शिवडोला में इस बार पंजाबी संस्कृति और वीरता की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की पंजाबी साहित्य अकादमी, भोपाल के तत्वावधान में पंजाब के गतका दल तथा दिल्ली के भांगड़ा एवं गिद्दा दल द्वारा विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शिवडोला में भोलेनाथ के जयकारों के साथ “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” और “बल्ले-बल्ले” के उद्घोष भी गूंजेंगे।
पंजाबी साहित्य अकादमी द्वारा लगातार सातवें वर्ष शिवडोला में इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पंजाब की पारंपरिक गतका युद्धकला, गिद्दा और भांगड़ा को प्रदेश में जन-जन तक पहुंचाना है। गतका सिख योद्धाओं की पारंपरिक युद्धकला है, जिसे दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंहजी ने सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपने अनुयायियों को सिखाया था।
गतका के रोमांचक प्रदर्शन के साथ दिखेगा अद्भुत साहस
________________
शिवडोला के दौरान सनावद रोड स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के पास बनाए गए अस्थायी मंच पर गतका दल द्वारा रोमांचक युद्धकला का प्रदर्शन किया जाएगा। यू.एस.ए. बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज दलेर खालसा इंटरनेशनल का दल विशेष आकर्षण रहेगा। दल में भारत के सबसे लंबे सिंह वीर सुखदेव सिंह सुक्खा बाबा भी अपनी विशेष प्रस्तुति एवं साहस का प्रदर्शन करेंगे। उनकी लंबाई 7 फीट 5 इंच बताई गई है।
इसके साथ ही दिल्ली से आने वाले भांगड़ा और गिद्दा दल द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। पंजाबी लोकनृत्यों की इन प्रस्तुतियों से शिवडोला का वातावरण उत्साह और उल्लास से भर उठेगा।
पंजाबी साहित्य अकादमी के निदेशक के नेतृत्व में अकादमी की टीम ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर शिवडोला समिति के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। आयोजन में श्री गुरुसिंघ सभा, खरगोन का विशेष सहयोग रहेगा। आयोजकों ने निमाड़ की धर्मप्रेमी जनता से शिवडोला में पहुंचकर इन आकर्षक सांस्कृतिक एवं साहसिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने का आह्वान किया है।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Aug 25, 2026