बलिया बलिदान दिवस पर वीर सपूतों को नमन, निकली भव्य फेरी यात्रा
बलिया, 19 अगस्त। बलिया बलिदान दिवस के अवसर पर बुधवार को जिले में वीर स्वतंत्रता सेनानियों की शहादत और उनके अदम्य साहस को याद किया गया। इस दौरान ऐतिहासिक जिला कारागार का फाटक सांकेतिक रूप से खोलकर बलिदान दिवस समारोह का शुभारंभ किया गया। इसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर भव्य फेरी यात्रा निकाली गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री अल्पसंख्यक कल्याण दानिश आजाद अंसारी, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह समेत जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बताया गया कि 19 अगस्त 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान बलिया के लोगों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया था। चित्तू पांडेय के नेतृत्व में बलिया ने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देते हुए समानांतर सरकार की स्थापना की थी। हजारों लोगों ने जिला कारागार पहुंचकर सेनानियों को मुक्त कराया था।
गुदरी बाजार में ब्रिटिश पुलिस से संघर्ष के दौरान कई बलिदानियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उन्हीं वीर सपूतों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 19 अगस्त को बलिया बलिदान दिवस मनाया जाता है।
फेरी यात्रा में मुख्य विकास अधिकारी, जिला कारागार अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, क्षेत्राधिकारी लाइन, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन तथा बड़ी संख्या में जनपदवासी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया गया।
#बलिया_बलिदान_दिवस #बलिया #स्वतंत्रता_संग्राम #चित्तू_पांडेय #बलिदान_दिवस