पिंजौरा पंचायत में सहयोग शिविर, लाभुकों के बीच श्रमिक कार्ड, राशन कार्ड व बैंक ऋण का वितरण
जहानाबाद : काको प्रखंड की पिंजौरा पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में कला एवं संस्कृति विभाग सह खान एवं भूतत्व विभाग, बिहार के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार एवं जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया शामिल हुईं। मंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कर्मियों से योजनाओं, उपलब्ध सेवाओं और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली।
मंत्री ने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को सहयोग पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए तथा संबंधित विभाग 30 दिनों के भीतर आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निष्पादन सुनिश्चित करें।
शिविर में आंतरिक ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड के तहत सात लाभुकों को जॉब कार्ड वितरित किया गया। वहीं, स्वयं सहायता समूह से जुड़ी जीविका दीदियों को रोजगार के लिए 4 करोड़ छह लाख 36 हजार रुपये का बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा ग्राम मई के अरविंद प्रसाद, रंजीत कुमार एवं अवधेश प्रसाद को राशन कार्ड निर्गत कर वितरित किया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ शिविर में प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करने और लंबित मामलों का 30 दिनों के अंदर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।