दुर्गा पूजा पंडालों में विद्युत सुरक्षा मानकों की सघन जांच: अधिकारियों ने दिए कड़े सुरक्षा निर्देश
जनपद बस्ती 13 अक्टूबर 2026 आज गांधीनगर में दुर्गा पूजा हेतु बने पंडाल का विद्युत सुरक्षा अधिकारी नेहा सिंह और अवर अभियंता विजय कुमार सिंह (जलकल फीडर, गांधीनगर) द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पंडाल के आसपास से गुजर रही विद्युत लाइनों का बारीकी से निरीक्षण किया गया और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। अधिकारियों ने दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को विद्युत सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। बताया गया कि पंडालों में लाइट, साउंड और सजावट के लिए अस्थायी कनेक्शन लिया जाना जरूरी है पूजा पंडालों की गहनता से जांच की गई और समितियों को अर्थिंग, फ्यूज, कटआउट और आईसोलेटर दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
विद्युत सुरक्षा अधिकारी नेहा सिंह ने कहा कि नवरात्र के दौरान भीड़ अधिक रहती है, इसलिए लाइनों को पूरी तरह अनुरक्षित किया जा रहा है और प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। अवर अभियंता विजय कुमार सिंह ने बताया कि जर्जर तारों और खुले जॉइंट्स को ठीक कराया जा रहा है और जहां जरूरत है वहां कवर वायर लगाई जा रही है। अधिकारियों ने यह भी चेताया कि बरसात के बाद लाइनों में नमी की समस्या रहती है, इसलिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
समिति के व्यवस्थापकों से अपील की गई कि वे विद्युत सुरक्षा विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) अवश्य प्राप्त कर लें और बिना प्रमाण पत्र के पंडाल में विद्युत आपूर्ति न लें।
अधिकारियों ने समिति को पंडाल परिसर में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन उपकरण (फायर एक्सटिंग्विशर) और सूखी रेत की बाल्टियां अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए।आपात स्थिति से निपटने के लिए विभागीय कर्मचारियों की ड्यूटी राउंड-द-क्लॉक तय की गई है और समिति को कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराया गया। पंडाल के मुख्य प्रवेश और निकास द्वारों के पास हाई-वोल्टेज वायर अथवा जनरेटर सेट न लगाने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान नियमों की अनदेखी पाए जाने पर बिना पूर्व सूचना के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन किया जाएगा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि रहेगी। इस दौरान स्थानीय लोग भी मौजूद रहे और विद्युत विभाग की इस पहल की सराहना की। विभाग का कहना है कि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो, इसके लिए शहर भर में लगातार निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 13, 2026