अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, छह प्रकरण दर्ज
सिंगरौली। जिले में अवैध शराब के संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने शुक्रवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन में उपायुक्त आबकारी माधव सिंह भयड़िया एवं जिला आबकारी अधिकारी प्रणय कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में वृत्त देवसर क्षेत्र के उज्जैनी, बेटहाडाड सहित रेस्टोरेंट और ढाबों में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान संगीता साहू, कुंजलाल साहू, शिवचंद्र जायसवाल, देवमणिया जायसवाल और प्रियंका साहू के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए। टीम ने कार्रवाई में 5.4 लीटर देशी मदिरा, 17.15 लीटर बीयर, 60 किलोग्राम महुआ लाहन और 25 लीटर हाथभट्टी मदिरा बरामद की। मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं (च) के तहत कुल छह प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 19 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक नीलिमा सहित विभागीय अमला मौजूद रहा।