सोयाबीन चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार; दो आरोपी फरार
मंदसौर। नई आबादी थाना पुलिस ने सोयाबीन चोरी करने वाली शातिर गैंग का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 16 क्विंटल 40 किलो सोयाबीन और वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा बोलेरो पिकअप जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 8 लाख 15 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को सीतामऊ फाटक ब्रिज के नीचे बने ब्लॉक से सोयाबीन चोरी हुई थी। मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी श्रवण मोगिया (21), निवासी अफजलपुर को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथी हंसराज मोगिया और राकेश मोगिया के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने अफजलपुर, सीतामऊ और रतलाम जिले के असावती में भी सोयाबीन व लहसुन चोरी की वारदातों में शामिल होना बताया। पुलिस ने बताया कि श्रवण के खिलाफ पहले से चोरी और नकबजनी के मामले दर्ज हैं। दोनों फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।