प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक: 20.07.2026
आज दिनांक 20 जुलाई 2026 को समाहरणालय, लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी लखीसराय श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में टीबी मुक्त भारत अभियान हेतु अंतर-विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्वास्थ्य विभाग) श्री सुधांशु नारायण द्वारा पावर PPT के माध्यम से जिले में संचालित टीबी मुक्त अभियान की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।
उन्होंने बताया कि जिले के उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान कर व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उनका परीक्षण, उपचार एवं नियमित फॉलो-अप सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी प्रखंडों में साप्ताहिक आधार पर कुल 9091 स्क्रीनिंग तथा 1026 एक्स-रे करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक में यह भी बताया गया कि स्क्रीनिंग के दौरान चिन्हित टीबी मरीजों का समय पर उपचार, प्रत्येक तीन माह पर स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही अब तक केवल पॉजिटिव मामलों को ही पोर्टल पर अपलोड किया जाता था, किंतु अब पॉजिटिव के साथ-साथ नेगेटिव मामलों का भी निश्चय पोर्टल पर अपलोड अनिवार्य किया गया है। यह अभियान आगामी 14 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने रामगढ़ चौक प्रखंड के कार्यों की सराहना करते हुए इसे अन्य प्रखंडों के लिए अनुकरणीय बताया तथा सभी प्रखंडों को उसी तर्ज पर कार्य करते हुए लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं एवं अन्य संबंधित कर्मियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार एक्स-रे मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब मशीनों की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को देने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विभाग लक्ष्य निर्धारण के पश्चात चेकलिस्ट बनाकर निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करें।
इसके अतिरिक्त बैठक में राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत डेंगू एवं चिकनगुनिया की रोकथाम एवं प्रबंधन पर भी चर्चा की गई। इस संबंध में श्री सुधांशु नारायण द्वारा PPT के माध्यम से प्रस्तुति दी गई, जिसमें जलजमाव वाले क्षेत्रों की पहचान, साफ-सफाई, जल निकासी तथा जन-जागरूकता अभियान पर विशेष बल दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद को निर्देशित किया कि संभावित जलजमाव वाले स्थानों पर नियमित सफाई, फॉगिंग एवं जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट कार्य-निर्धारण हेतु चेकलिस्ट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी निर्देशित किया गया कि सभी विद्यालयों में बच्चों को डेंगू से बचाव हेतु फुल स्लीव्स के कपड़े, जूते एवं मोजे पहनकर आने के लिए अनिवार्य रूप से निर्देशित किया जाए।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार सिविल सजन श्री जयप्रकाश जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुश्री पम्मी रानी भूमि सुधार समाहर्ता श्री राहुल कुमार जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
15 views | Lakhisarai, Bihar | Jul 20, 2026