9 पिस्टल, एक देसी कट्टा, 9 कारतूस और बाइक बरामद; एसपी दीप्ति गर्ग ने पुलिस टीम को किया सम्मानित
पलवल, 19 अक्टूबर। एसपी दीप्ति गर्ग के निर्देशन में पलवल पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) दिघोट टीम ने अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों उमेश उर्फ जोनी, पंकज उर्फ कल्लू और सारुक उर्फ भुर्रा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे व निशानदेही पर 9 अवैध पिस्टल, एक देसी कट्टा, 9 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त प्लैटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मध्य प्रदेश के इंदौर और उत्तर प्रदेश के मथुरा व अलीगढ़ से अवैध हथियार खरीदकर क्षेत्र में सप्लाई करते थे। आरोपी सारुक उर्फ भुर्रा के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले सहित सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह से जुड़े अन्य सहयोगियों और हथियार खरीदने वालों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
तीनों आरोपियों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस सफलता पर एसपी दीप्ति गर्ग ने एएनसी स्टाफ प्रभारी उप निरीक्षक हनीश खान सहित छह पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और आमजन से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की।
Palwal, Palwal | Oct 19, 2026