मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत 23 अक्टूबर को इंदिरा गांधी वार्ड में शिविर आयोजित होगा
शासकीय संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का किया जाएगा सत्यापन
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत भोपाल नगर निगम के वार्ड क्रमांक 45, इंदिरा गांधी वार्ड, जोनल क्रमांक 10 में शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे से जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत वार्ड में विभिन्न शासकीय संस्थानों के निरीक्षण की जिम्मेदारी जिला अधिकारियों को सौंपी गई है। इस संबंध में अपर कलेक्टर, भोपाल द्वारा आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र मध्य के अंतर्गत आने वाले संबंधित वार्ड में आंगनवाड़ी केंद्रों, शासकीय स्कूलों, उचित मूल्य की दुकानों, छात्रावासों सहित अन्य शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जिला जीआईएस सॉफ्टवेयर के माध्यम से संबंधित संस्थानों का सत्यापन भी किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत 11 अधिकारियों को अलग-अलग वार्डों में निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें जिला खाद्य अधिकारी, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के महाप्रबंधक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक, नापतौल विभाग के उप नियंत्रक, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा मत्स्य विभाग के सहायक संचालक शामिल हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 का आयोजन 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक निर्धारित है। अभियान का उद्देश्य अधिकारियों के क्षेत्रीय भ्रमण के माध्यम से शासकीय संस्थानों की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली का निरीक्षण करना, जनसमस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करना तथा नागरिकों को शासकीय सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#Bhopal
8 views | Bhopal, Madhya Pradesh | Oct 22, 2026