मऊ के नवागत एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने संभाला कार्यभार, अपराधियों पर सख्ती और महिला सुरक्षा पर रहेगा जोर
जीरो टॉलरेंस की नीति का होगा अक्षरशः पालन, साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई और सड़क हादसों में मौतों को रोकने के लिए बनेगी रणनीति
मऊ। जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन मऊ में गार्द की सलामी लेने के बाद पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने जिले में अपराध की स्थिति, कानून-व्यवस्था और विभिन्न चुनौतियों को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का अक्षरशः पालन कराया जाएगा।
नवागत एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने कहा कि शासन और विभागीय नेतृत्व की प्राथमिकताओं के अनुरूप अपराध नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही आमजन में कानून के प्रति विश्वास बढ़ाने और अपराधियों में कानून का भय कायम करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
महिला और बाल अपराधों पर होगी त्वरित कार्रवाई
एसपी ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में पुलिस को और अधिक संवेदनशील बनाने की जरूरत है। ऐसे मामलों में तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसा माहौल बनाने पर जोर दिया, जिसमें महिलाएं और बच्चे स्वयं को सुरक्षित महसूस करें और बिना किसी भय के आवागमन कर सकें।
साइबर अपराध पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाने पर जोर
डिजिटल लेनदेन और तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराध भी एक बड़ी चुनौती बनकर उभर रहा है। नवागत एसपी ने कहा कि साइबर अपराध से पीड़ित लोगों को त्वरित न्याय दिलाने और शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई करने के लिए पुलिस टीम को सक्रिय किया जाएगा। साइबर अपराध के मामलों में प्रभावी कार्रवाई और पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
सड़क हादसों में मौतें रोकने के लिए चिह्नित होंगे ब्लैक स्पॉट
यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुगम बनाने के लिए भी पुलिस विभाग की ओर से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। एसपी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से उन स्थानों को चिह्नित किया जाएगा, जहां हादसों में अधिक लोगों की मौत होती है या लोग घायल होते हैं। ऐसे स्थानों पर रोड सेफ्टी के आवश्यक उपाय अपनाकर दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली जनहानि को कम करने का प्रयास किया जाएगा।
नवागत एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना, अपराध पर नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई और यातायात व्यवस्था में सुधार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने इन सभी बिंदुओं पर योजनाबद्ध तरीके से काम करते हुए धरातल पर बेहतर परिणाम देने की बात कही।