मऊ में रेड क्रॉस सोसाइटी की पहल, 50 टीबी मरीजों को लिया गोद; बांटी पोषण पोटली
मऊ में टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के लिए भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी ने सराहनीय पहल की है। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निक्षय मित्र पहल के अंतर्गत 50 टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण किट वितरित की गई। पोषण पोटली में भुना चना, सत्तू, मूंगफली, सोयाबीन और दालों सहित पौष्टिक खाद्य सामग्री दी गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग और रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों ने मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने और संतुलित आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। सोसाइटी ने उपचार की अवधि तक गोद लिए गए मरीजों के पोषण और स्वास्थ्य की निगरानी करने की बात कही। साथ ही सक्षम लोगों और स्वयंसेवी संस्थाओं से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों की मदद करने की अपील की गई। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीके राय, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एचआर सोनी और रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।