मऊ में पुलिस लाइन सभागार में एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में कानून-व्यवस्था और अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में एएसपी अनूप कुमार समेत सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे। एसपी ने छोटी घटनाओं पर भी गंभीरता से नजर रखने, जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने और अपराध नियंत्रण के लिए पैदल गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। गोवध, अवैध शराब, लूट और संगठित अपराध में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। जमीन विवादों के समाधान के लिए राजस्व विभाग से समन्वय बनाने और महिला अपराधों में सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, पीस कमेटी की बैठक करने और सोशल मीडिया पर अफवाहों का तत्काल खंडन करने पर जोर दिया गया।