पीएम आवास योजना के तहत 60 लोगों को स्वीकृति पत्र वितरित
गरीब की पीड़ा समझते हैं प्रधानमंत्री: कल्याण
करनाल, 11 सितंबर। घरौंडा के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आज प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी-2 के तहत स्वीकृति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने 60 लोगों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने पात्र लोगों से सरकार के दिशा- निर्देशानुसार राशि का उचित उपयोग करने की अपील की।
इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए श्री कल्याण ने कहा कि यह खुशी की बात है कि आज सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को मिल रहा है। यह सौभाग्य की बात है कि गरीब की पीड़ा को समझने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने गरीबों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की। महिलाओं की परेशानी को समझते हुए हर घर शौचालय बनवाने का अभियान चलाया। लिंगानुपात में सुधार और लड़कियों की शिक्षा के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान हरियाणा से शुरू किया। गरीबों को छत उपलब्ध कराने के लिए आवास योजना आरंभ किया। स्वच्छता अभियान के अलावा सरकार ने देश के हर गांव में बिजली पहुंचाने का कार्य किया। वर्ष 2014 में जब श्री मोदी पीएम बने तब देश के 10 हजार से अधिक गांवों में बिजली सुविधा नहीं थी, रास्ते कच्चे थे।
श्री कल्याण ने कहा कि श्री मोदी ने गरीबी देखी है। वे गरीबों का दुख-दर्द समझते हैं। मेहनत के बल पर प्रधानमंत्री के पद तक पहुंचे हैं। केंद्र और राज्य सरकार साफ नीयत से जनहित में फैसले ले रही है। उद्देश्य है-समाज की भलाई। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा की गई व्यवस्था परिवर्तन का नतीजा है कि आज पैंशन के लिए लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। राशि सीधे उनके बैंक खातों में पहुंच रही है। राज्य में युवाओं को मेरिट पर नौकरी मिल रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी प्रदेश को विकास के मामले में नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए गंभीरता से लगे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने स्वीकृति पत्र पाने वालों से अनुरोध किया कि वे इस राशि का उपयोग अन्य कार्यों की बजाए केवल आवास के लिए सरकार के निर्देशानुसार ही करें। साथ ही कहा कि विभाग से किसी प्रकार की दिक्कत आए तो उन्हें बताएं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वे क्षेत्र की तरक्की के लिए वचनबद्ध हैं। क्षेत्र में मेडिकल यूनिवर्सिटी, रिंग रोड, एनसीसी अकादमी का निर्माण अंतिम चरण में है। शहर में स्कूल का नया भवन, कालेज बनने से छात्राओं को काफी सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य उज्जवल बनाने के लिए उन्हें अच्छी शिक्षा दिलाएं।
इस मौके पर एसडीएम अनुभव मेहता, डीएसपी मनोज कुमार, नगरपालिका अध्यक्ष हैप्पी लक गुप्ता, सचिव रवि प्रकाश शर्मा, मार्केट कमेटी चेयरमैन राजकुमार पालीवाला, पार्षद अनिल जावा, अश्विनी, मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, महासचिव सुरेंद्र सैनी आदि मौजूद रहे।