खिड़की कनेरी में मनाया गया जल अर्पण दिवस
गांधी जयंती के अवसर पर जल संरक्षण का दिया संदेश
==============================
ग्राम खिड़की कनेरी में 2 अक्टूबर गांधी जयंती के पावन अवसर पर जल अर्पण दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष रूप से जागरूकता कार्यक्रम हुआ। ग्रामीणों एवं उपस्थित लोगों को जल के महत्व को समझाते हुए जल स्रोतों के संरक्षण और पानी की एक-एक बूंद सहेजने के लिए विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा समझाइश दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक एवं धार्मिक विधि-विधान से जल अर्पण किया गया। उपस्थित लोगों ने जल को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, वर्षा जल का संरक्षण करने तथा अनावश्यक रूप से पानी की बर्बादी रोकने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से जल संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुंचाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि जल की उपलब्धता सीमित है और इसका संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम में ग्राम के नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं अन्य ग्रामीणों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में जल के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जल संरक्षण को जनअभियान का रूप देना रहा। श्रीमती पूर्णिमा शर्मा द्वारा जल की शुद्धता की जांच करना सिखाया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को जल बचाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प श्रीमती उपयंत्री नीतू नागेश्वर द्वारा दिलाया गया। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, पीएमयू टीम, ग्राम खिड़की कनेरी के सरपंच, उपसरपंच, सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh