वनवासी क्षेत्र दियोट में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण एवं जागरूकता रैली का आयोजन
जोगिंदर नगर, शिव कुमार।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एकल अभियान भाग कांगड़ा के अंतर्गत आंचल जोगिंदर नगर के सच बारोट स्थित वनवासी क्षेत्र दियोट के एकल विद्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराना था।
कार्यक्रम में संच प्रशिक्षक श्रीमती लता देवी, आचार्य दीदी बीना जी, विद्यालय के छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण अभियान से हुई, जिसमें उपस्थित सभी ग्रामवासियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इसके उपरांत विद्यालय के विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों द्वारा "पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ" जैसे प्रेरणादायक नारों के साथ जागरूकता रैली निकाली गई। रैली गांव के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जहां लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल करे। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि मानव जीवन के लिए आवश्यक शुद्ध वायु, जल संरक्षण और जैव विविधता को भी सुरक्षित रखते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और ग्रामीणों को यह संदेश भी दिया गया कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण छोड़ना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने तथा अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीणों और बच्चों में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।