समाहरणालय पूर्णिया,
जनसंपर्क कार्यालय,
प्रेस विज्ञप्ति:-1343,
दिनांक 12/09/2026,
=================
पुर्णिया में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य शुभारंभ: दीप प्रज्वलित कर किया गया उद्घाटन:-
व्यवहार न्यायालय पूर्णिया परिसर में इस वर्ष के तीसरे राष्ट्रीय लोक अदालत का संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया गया। यह उद्घाटन श्री कन्हैया जी चौधरी (प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार) तथा श्री अंशुल कुमार, भा०प्र०से० (जिला पदाधिकारी सह उपाध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्णिया) द्वारा संपन्न हुआ। मौके पर संबंधित माननीय न्यायिक दंडाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्णिया तथा न्यायालय के अधिकारीगण मौजूद थे।
इस राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन पूर्णिया व्यवहार न्यायालय के साथ-साथ जिले के तीनों अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालयों—बनमनखी, धमदाहा एवं बायसी के प्रांगण में भी एक साथ किया जा रहा है।
लोक अदालत में निपटाए जा रहे मुख्य मामले:- आपराधिक एवं दीवानी: संधि योग्य लघु आपराधिक मामले, एन०आई० एक्ट के मामले एवं अन्य दीवानी वाद।
वित्तीय एवं श्रम: बैंक ऋण वसूली, श्रम विवाद, वेतन एवं पेंशन संबंधी मामले।
दुर्घटना एवं बीमा: मोटर दुर्घटना बीमा दावा वाद।
उपभोक्ता एवं राजस्व: उपभोक्ता मामले, राजस्व संबंधी मामले, माप-तौल तथा भू-अधिग्रहण के मामले।
पारिवारिक एवं अन्य: तलाक को छोड़कर वैवाहिक विवाद, बिजली से संबंधित मामले एवं वन, परिवहन/यातायात से संबंधी मामले।
इन सभी मामलों का निपटारा उभय पक्षों की आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर किया जा रहा है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Purnia, Bihar | Sep 12, 2026