*राज इंटरनेशनल स्कूल में नन्हे कलाकारों ने नृत्य के सुरों से किया दादा-दादी को नमन, भावुक कर देने वाला रहा दृश्य
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
राज इंटरनेशनल स्कूल में केजी और कक्षा प्रथम के नौनिहालों के लिए आयोजित सोलो डांस प्रतियोगिता एक यादगार उत्सव बन गई। विद्यालय ने इस बार प्रतियोगिता को एक अनूठा विषय दिया - "दादा-दादी को समर्पित लयबद्ध श्रद्धांजलि" अर्थात "A Rhythmic Tribute to Grandparents"। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल चेयरमैन राजेंद्र सैनी और सम्मानित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद जैसे ही मंच पर नन्हे-नन्हे कदम थिरके, पूरा सभागार प्यार, हंसी और सुनहरी यादों के बंधन में बंध गया। तीन से छह वर्ष के इन छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। किसी नन्ही परी ने 'अचकन में फूल...' पर नृत्य कर दादा जी के दुलार को मंच पर उतारा, तो किसी ने 'दादी अम्मा मान जाओ' पर अपनी अदाओं से दादी की ममता को दर्शाया। बच्चों के चेहरे पर आत्मविश्वास और पैरों में लय देखकर उपस्थित सभी अभिभावक और दादा-दादी भाव-विभोर हो गए। कई बुजुर्गों की आँखें तो अपने पोते-पोतियों को मंच पर देखकर नम हो गईं। विद्यालय के निदेशक नवीन सैनी ने बताया कि आज के आधुनिक युग में जहाँ संयुक्त परिवारों की परम्परा कम हो रही है, वहाँ ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी जड़ों, अपने संस्कारों और अपने बुजुर्गों के महत्व से जोड़ते हैं। दादा-दादी केवल परिवार के बड़े नहीं, बल्कि अनुभव और संस्कारों का जीवंत चित्रण हैं। विद्यालय की उप-प्राचार्या निधि सैनी ने सभी प्रतिभागियों की हौसला-अफजाई करते हुए कहा कि मंच पर आकर निर्भय होकर प्रस्तुति देना ही सबसे बड़ी सफलता है और यही आत्मविश्वास आगे चलकर उनके व्यक्तित्व का निर्माण करेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी नन्हे प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन राजेन्द्र सैनी द्वारा सभी अतिथियों को अपना क़ीमती समय निकालकर स्कूल आने के लिए धन्यवाद दिया और आगे भी इस तरह से स्कूल के साथ जुड़कर रखने की इच्छा व्यक्त की ।
Rewari, Rewari | Sep 12, 2026