नवनिर्वाचित जिला बार प्रधान निखिल यादव ने विधायक लक्ष्मण सिंह यादव से लिया आशीर्वाद, वकीलों के हित में काम करने का जताया संकल्प
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित प्रधान एडवोकेट निखिल यादव ने रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव से उनके निवास स्थान पर मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने एडवोकेट निखिल यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें जीत की बधाई देते हुए मिठाई खिलाई।
पद की गरिमा और अधिवक्ताओं का कल्याण प्राथमिकता: विधायक
मुलाकात के दौरान विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि जिला बार एसोसिएशन के प्रधान का पद अत्यंत गरिमामय और जिम्मेदारी से भरा होता है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रधान को प्रेरित करते हुए कहा कि इस पद की प्रतिष्ठा को सदैव बनाए रखना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। विधायक ने जोर देकर कहा कि अधिवक्ताओं के कल्याण, उनके अधिकारों की रक्षा और न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जो भी आवश्यक कदम हों, वे उठाए जाने चाहिए।
वकीलों की समस्याओं का करेंगे समाधान: एडवोकेट निखिल यादव
विधायक से मार्गदर्शन मिलने के बाद एडवोकेट निखिल यादव ने उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अधिवक्ताओं के विश्वास पर खरा उतरते हुए वह बार एसोसिएशन के विकास और वकीलों की भलाई के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करना उनकी मुख्य कार्ययोजना का हिस्सा रहेगा।
इस अवसर पर कई अन्य अधिवक्ता और स्थानीय गणमान्य लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने नवनिर्वाचित बार प्रधान को शुभकामनाएं दीं।
Rewari, Rewari | Sep 12, 2026