स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत बृजकिशोर किंडरगार्डन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
छपरा, 18 सितंबर 2026।
छपरा नगर निगम द्वारा “स्वच्छता ही सेवा” कार्यक्रम के तहत आज बृजकिशोर किंडरगार्डन में विद्यार्थियों के बीच स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ घर एवं आसपास निकलने वाले कचरे के उचित पृथक्करण और प्रबंधन की जानकारी देना था।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को Four Stream Source Segregation (चार धाराओं में स्रोत पर कचरा पृथक्करण) के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि कचरे को स्रोत पर ही निर्धारित श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग रखना स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बच्चों को यह भी समझाया गया कि गीला एवं सूखा कचरा सहित विभिन्न प्रकार के कचरे को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार अलग-अलग रखना चाहिए, ताकि कचरे का बेहतर प्रसंस्करण एवं पुनर्चक्रण सुनिश्चित किया जा सके।
नगर निगम के पदाधिकारियों द्वारा बच्चों को स्वच्छता को अपनी दैनिक आदतों में शामिल करने, कूड़ा इधर-उधर नहीं फेंकने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। बच्चों ने स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने तथा अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के बीच “स्वच्छता ज्ञान यात्रा” का भी आयोजन किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां रोचक एवं सरल तरीके से प्रदान की गईं। बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और स्वच्छता संबंधी संदेशों को समझने में रुचि दिखाई।
कार्यक्रम में महापौर, उप महापौर के प्रतिनिधि, उप नगर आयुक्त, स्वच्छता पदाधिकारी, सिटी मैनेजर तथा विद्यालय के प्राचार्य सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
नगर निगम पदाधिकारियों ने कहा कि बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना एक प्रभावी पहल है, क्योंकि बच्चे अपने परिवार एवं समाज में स्वच्छता के संदेश के महत्वपूर्ण वाहक बन सकते हैं। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देने तथा छपरा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है।
Saharsa, Bihar | Sep 18, 2026