*जिला पदाधिकारी ने आईओसी के पदाधिकारियों के साथ की बैठक, पाइपलाइन की सुरक्षा एवं घर-घर गैस आपूर्ति को लेकर दिए आवश्यक निर्देश* *
================
छपरा, 18 सितंबर 2026
================
जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पाइपलाइन की सुरक्षा, पाइपलाइन के आसपास पक्के निर्माण एवं वृक्षारोपण तथा नगर क्षेत्र में पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर गैस आपूर्ति से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
*पाइपलाइन की सुरक्षा एवं आरओडब्ल्यू क्षेत्र में निर्माण*
बैठक में आईओसी के पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि पाइपलाइन के ऊपर आरओडब्ल्यू (Right of Way) क्षेत्र में कुछ स्थानों पर पक्के निर्माण किए गए हैं। ऐसे निर्माण से भविष्य में पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने की आशंका रहती है, जिससे जनसुरक्षा, संपत्ति एवं पाइपलाइन की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। जिला पदाधिकारी ने ऐसे स्थलों को चिह्नित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
*पाइपलाइन के आसपास बड़े पेड़ों के रोपण पर आवश्यक कार्रवाई*
पाइपलाइन के आसपास बड़े पेड़ लगाए जाने से उनकी जड़ों के कारण भविष्य में पाइपलाइन को नुकसान पहुंचने की आशंका के संबंध में भी चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित मामलों को चिह्नित करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
*थाना एवं अंचल स्तर पर समन्वय स्थापित करने का निर्देश*
मुफस्सिल थाना एवं एकमा थाना क्षेत्र सहित अन्य संबंधित स्थलों पर पाइपलाइन की सुरक्षा से जुड़े मामलों के समाधान के लिए जिला पदाधिकारी ने आईओसी के पदाधिकारियों को संबंधित अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को भी पाइपलाइन की सुरक्षा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
*
*पाइपलाइन चोरी के मामलों की समीक्षा*
*
बैठक में पाइपलाइन चोरी से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने अभियोजन स्वीकृति से संबंधित लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली तथा लंबित मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने उपलब्ध तथ्यों के आधार पर संबंधित विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने तथा आवश्यकता होने पर एक्सप्लोसिव एक्ट सहित अन्य लागू धाराओं के अंतर्गत भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
*नगर क्षेत्र में घर-घर पाइपलाइन से गैस आपूर्ति*
नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 3 एवं 4 में प्राथमिकता के आधार पर पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर गैस आपूर्ति की दिशा में किए जा रहे कार्यों एवं प्रयासों की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि पाइपलाइन बिछाने एवं गैस आपूर्ति से संबंधित कार्यों के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा कार्य को समन्वय एवं व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए।
*समन्वित वर्क प्लान तैयार करने का निर्देश*
जिला पदाधिकारी ने आईओसी के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने प्रतिनिधियों के साथ नगर आयुक्त से समन्वय स्थापित करते हुए बैठक आयोजित कर एक समन्वित वर्क प्लान तैयार करें। इससे पाइपलाइन बिछाने एवं घर-घर गैस आपूर्ति का कार्य व्यवस्थित, सुचारू एवं प्रभावी ढंग से कराया जा सकेगा।
**सारण जिले में पाइपलाइन का विस्तार*
*
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में सारण जिले के 10 थाना क्षेत्रों से होकर लगभग 66 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन गुजर रही है। इसके अंतर्गत डोरीगंज, गरखा, मुफस्सिल, जलालपुर, कोपा, रिविलगंज, दाउदपुर, एकमा, मांझी एवं रसूलपुर थाना क्षेत्र शामिल हैं।
इस पाइपलाइन के अंतर्गत जिले के कुल 66 गांव आच्छादित हैं। पाइपलाइन रायपुर बिनगांवा से प्रारंभ होकर छपरैठी तक जाती है।
बैठक में पाइपलाइन की सुरक्षा, विधिक कार्रवाई एवं नगर क्षेत्र में घर-घर गैस आपूर्ति से संबंधित कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
Saharsa, Bihar | Sep 18, 2026