जिला निरीक्षण समिति द्वारा पर्यवेक्षण गृह एवं विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का निरीक्षण
छपरा 18 सितंबर 2026
आज दिनांक 18 सितंबर 2026 को जिला पदाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में गठित जिला निरीक्षण समिति द्वारा पर्यवेक्षण गृह, सारण एवं विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का निरीक्षण किया गया।
पर्यवेक्षण गृह के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा निम्न निर्देश दिए गए—
- बच्चों की शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षकों द्वारा पाठ्यक्रम निर्धारित करने का निर्देश दिया गया।
- सभी बच्चों का प्रत्येक माह किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष उपस्थापन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
- प्रत्येक माह सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने हेतु सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया।
- बच्चों को निर्धारित मेनू के अनुसार समय पर भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा निम्न निर्देश दिए गए—
- बच्चों को पैकेज्ड फूड नहीं दिए जाने का निर्देश दिया गया।
- बच्चों के आगामी टीकाकरण एवं चिकित्सक के परामर्श की अगली तिथि नोटिस बोर्ड पर स्पष्ट रूप से अंकित करने का निर्देश दिया गया।
- बच्चों के दत्तक ग्रहण से संबंधित विभिन्न चरणों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने आम लोगों से अपील की कि यदि किसी कारणवश कोई नवजात अथवा शिशु अपने माता-पिता या परिवार द्वारा पालना संभव नहीं होने की स्थिति में हो, तो बच्चे को असुरक्षित तरीके से कहीं छोड़ने के बजाय विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान/एसएए में उपलब्ध पालना (क्रैडल) का उपयोग करें। पालना के माध्यम से बच्चे को सुरक्षित रूप से संस्थान तक पहुंचाया जा सकता है, जहां उसकी देखभाल एवं संरक्षण की व्यवस्था की जाती है तथा विधि एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चे को सड़क, अस्पताल, सार्वजनिक स्थान या अन्य असुरक्षित स्थान पर छोड़ने के बजाय सुरक्षित परित्याग की निर्धारित व्यवस्था का उपयोग करना बच्चे के जीवन एवं भविष्य की सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
Saharsa, Bihar | Sep 18, 2026