प्रैस नोट - 7 दिनांक - 23.10.2026
*बिजली आपूर्ति बाधित होने से पानी की सप्लाई प्रभावित होने पर जिला पुलिस ने संभाली जिम्मेदारी, वाटर टैंकर का प्रबंध कर व जनरेटरों की मदद से ट्यूबवेल चलाकर बहाल की जा रही पेयजल व्यवस्था*
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जिला यमुनानगर पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं के समाधान में भी तत्परता से सहयोग कर रही है। इसी कड़ी में बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल सप्लाई प्रभावित होने पर जिला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रभावित कॉलोनियों में वाटर टैंकरों का प्रबंध किया और लोगों को राहत पहुंचाई।
उन्होंने बताया कि थाना शहर जगाधरी के अंतर्गत बुढ़िया गेट पुलिस चौकी क्षेत्र की पटरी मोहल्ला, कल्याण नगर, विजय नगर और महावीर कॉलोनी सहित पुलिस चौकी फर्कपुर क्षेत्र की नंदा कॉलोनी, जवाहर नगर, खड्डा कॉलोनी और शिव नगर आदि में बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण वाटर वर्क्स से पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही थी। इससे इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस ने आमजन की परेशानी को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में वाटर टैंकरों की व्यवस्था करवाई, ताकि लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान न होना पड़े। इसके साथ ही पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए जनरेटरों का प्रबंध करके ट्यूबवेल भी चलाए जा रहे हैं। जिला पुलिस संबंधित व्यवस्था को बेहतर बनाने और आमजन को राहत पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस का प्रयास है कि किसी भी आपात स्थिति या आवश्यक सेवाओं में बाधा आने पर आमजन को यथासंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए। पुलिस द्वारा संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग किया जा रहा है।
जिला यमुनानगर पुलिस ने संदेश दिया कि आमजन की सुरक्षा, सुविधा और सहायता पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। नागरिकों को होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए जिला पुलिस भविष्य में भी तत्परता से अपनी जिम्मेदारी निभाती रहेगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाएगी।