बिजली विभाग के निजीकरण के खिलाफ AAP का जोरदार समर्थन — “बिजली जनता का अधिकार है, निजी कंपनियों का व्यापार नहीं!”
यमुनानगर | (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो:
हरियाणा में बिजली विभाग के निजीकरण के विरोध में चल रहे बिजली कर्मचारियों के आंदोलन को आज आम आदमी पार्टी (AAP), यमुनानगर ने अपना पूर्ण समर्थन दिया। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दलीप दड़वा लोकसभा अम्बाला उपाध्यक्ष व जिला अध्यक्ष राहुल भान , कपिल सांगवान युवा नेता, अपने साथियों के साथ आंदोलन स्थल पर पहुंचे और बिजली कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार की निजीकरण नीति पर कड़ा विरोध जताया।
इस अवसर पर दलीप दड़वा ने कहा कि बिजली कोई विलासिता नहीं, बल्कि आम जनता की बुनियादी जरूरत है। सरकार का काम जनता को सस्ती, सुलभ और बेहतर बिजली उपलब्ध कराना है, न कि सार्वजनिक व्यवस्था को निजी कंपनियों के हवाले करना। नूंह और गुरुग्राम से शुरू हो रही निजीकरण की प्रक्रिया भविष्य में पूरे हरियाणा की बिजली व्यवस्था के लिए चिंता का विषय बन सकती है।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के कर्मचारी वर्षों से प्रदेश की जनता को बिजली सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में कर्मचारियों की मांगों और आशंकाओं को नजरअंदाज करना न केवल उनके हितों के खिलाफ है, बल्कि प्रदेश की जनता के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ हो सकता है।
दलीप दड़वा आप नेता ने कहा, “एक तरफ सरकार जनता को राहत देने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ बिजली जैसी आवश्यक सेवा के निजीकरण की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। निजीकरण से बिजली उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ने, कर्मचारियों के भविष्य पर असर पड़ने और सार्वजनिक सेवाओं की जवाबदेही कमजोर होने की आशंकाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सरकार को चाहिए कि वह निजीकरण की प्रक्रिया पर पुनर्विचार करे और बिजली कर्मचारियों के साथ बातचीत करके समाधान निकाले।”
उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी सार्वजनिक सेवाओं को मजबूत करने और आम जनता के हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी बिजली कर्मचारियों के लोकतांत्रिक आंदोलन और उनकी जायज मांगों के साथ खड़ी है। सरकार को कर्मचारियों की आवाज सुननी चाहिए और ऐसा कोई निर्णय नहीं लेना चाहिए, जिससे आम उपभोक्ताओं, किसानों, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़े।
इस दौरान आम आदमी पार्टी की ओर से दलीप दड़वा लोकसभा अम्बाला उपाध्यक्ष यमुनानगर के साथ राहुल भान जिला अध्यक्ष, कपिल सांगवान, नरेश मित्तल, जिला लाल सहित अन्य साथी मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर बिजली विभाग के निजीकरण के खिलाफ कर्मचारियों की लड़ाई को समर्थन दिया।
आम आदमी पार्टी की स्पष्ट मांग है कि बिजली विभाग के निजीकरण की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए, कर्मचारियों की समस्याओं का बातचीत के माध्यम से समाधान किया जाए और प्रदेश की बिजली व्यवस्था को जनहित एवं सार्वजनिक जवाबदेही के आधार पर संचालित किया जाए।
आम आदमी पार्टी का स्पष्ट संदेश:
“बिजली जनता की जरूरत है, निजी कंपनियों की कमाई का जरिया नहीं!
जनता के हक की लड़ाई में आम आदमी पार्टी बिजली कर्मचारियों के साथ खड़ी है।”
दलीप दड़वा
लोकसभा अम्बाला उपाध्यक्ष आम आदमी पार्टी