पंचायत विकास दिवस पर जीविका दीदियों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश
जहानाबाद : पंचायत विकास दिवस के अवसर पर रविवार को जिले के सभी प्रखंडों में मद्य निषेध एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर जीविका के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी जीविका दीदियों, कर्मियों और सामुदायिक कैडरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस दौरान विभिन्न पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में सामूहिक शपथ, प्रभात फेरी, जागरूकता रैली और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। जीविका दीदियों ने लोगों को मद्यपान से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान की जानकारी दी। साथ ही परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
प्रभात फेरी और जागरूकता रैली के दौरान नशामुक्ति से जुड़े संदेशों और नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया गया। जीविका दीदियों ने मद्यपान से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
कार्यक्रम में बताया गया कि नशे का प्रभाव केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार की आर्थिक स्थिति, बच्चों की शिक्षा और पारिवारिक वातावरण भी प्रभावित होता है। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
अभियान के दौरान “नशामुक्त परिवार-सशक्त परिवार” और “नशामुक्त समाज-सशक्त समाज” का संदेश दिया गया। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामुदायिक संस्थाओं और ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि मद्य निषेध के प्रति जन-जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।