दीपावली पर लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की खूब हुई बिक्री, महंगाई के बावजूद बाजार में रही रौनक
मुजफ्फरपुर। दीपावली के अवसर पर शहर के बाजारों में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की मूर्तियों की जमकर खरीदारी हुई। घरों और दुकानों में पूजा-अर्चना के लिए लोगों ने अपनी पसंद के अनुसार छोटी से लेकर बड़ी मूर्तियां खरीदीं। बाजार में मिट्टी और प्लास्टर ऑफ पेरिस से बनी आकर्षक एवं खूबसूरत मूर्तियों की खूब बिक्री हुई।
इस बार बाजार में बाहर से भी अलग-अलग डिजाइन की मूर्तियां मंगाई गई थीं। रंग-बिरंगे आकर्षक रूप और आधुनिक डिजाइन वाली मूर्तियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। वहीं, महंगाई का असर मूर्तियों की कीमतों पर भी देखने को मिला। पिछले साल की तुलना में कीमतों में थोड़ी बढ़ोतरी के बावजूद लोगों के उत्साह में कमी नहीं दिखी। दीपावली को लेकर देर शाम तक बाजार में खरीदारी का सिलसिला जारी रहा।